पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों के लिए उठी आवाज, राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा मांगपत्र
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, बक्सर जिला इकाई के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी साहिला से की मुलाकात; नए मीडिया आयोग, पत्रकार सुरक्षा कानून और वेज बोर्ड के गठन समेत कई मांगें उठाईं


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पत्रकारों के हितों, सुरक्षा और सेवा संबंधी अधिकारों को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, बक्सर जिला इकाई का एक शिष्टमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी आईएएस साहिला से मिला। शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम मांगपत्र सौंपते हुए पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल किए जाने की मांग की।
शिष्टमंडल का नेतृत्व बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर ने किया। उन्होंने जिलाधिकारी के समक्ष पत्रकारों से जुड़े विभिन्न प्रमुख मुद्दों को विस्तार से रखा। यूनियन की ओर से सौंपे गए मांगपत्र में देश में नए मीडिया आयोग के गठन, पत्रकारों एवं मीडिया संस्थानों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाए जाने, वर्किंग जर्नलिस्ट के लिए पूर्व में उपलब्ध कानूनी सुरक्षा उपायों को बहाल करने तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया कर्मियों को शामिल करते हुए नए वेज बोर्ड के गठन की मांग प्रमुख रूप से की गई है।
यूनियन ने मांगपत्र में कहा है कि पिछले चार दशकों में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदला है। 24 घंटे संचालित होने वाले न्यूज चैनलों, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के व्यापक विस्तार ने पत्रकारिता के क्षेत्र में नई संभावनाओं के साथ-साथ कई नई चुनौतियां भी पैदा की हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सेवा शर्तों और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा किया जाना आवश्यक है।
यूनियन के महासचिव आलोक कुमार एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र और सक्रिय प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों को सुरक्षित एवं आर्थिक रूप से मजबूत वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे बिना दबाव के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रख सकें। जिलाधिकारी साहिला ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा सकारात्मक संदेश देते हुए मांगपत्र को उचित माध्यम से आगे भेजने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर गुलशन सिंह, मृत्युंजय सिंह, शुभनारायण पाठक, अशोक सिंह, बासुकी पांडे, सोनी समेत यूनियन के अन्य सदस्य एवं पत्रकार मौजूद रहे।





