ACCIDENT

वीर कुंवर सिंह सेतु पर बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर, तीन युवक घायल; एक की हालत गंभीर

यूपी से बक्सर लौट रहे थे तीनों युवक, पुराने पुल पर बिगड़ा बाइक का संतुलन; टक्कर के बाद कार भी हुई क्षतिग्रस्त

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सोमवार को दोपहर बाद करीब ढाई से तीन बजे के बीच पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर बाइक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, तीनों युवक उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर आ रहे थे। इसी दौरान पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

 

पुल से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को गोलंबर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोलंबर पोस्ट प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीनों युवक बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जारीगांवा गांव के रहने वाले हैं। घायलों की पहचान मिथुन कुमार (32 वर्ष), पिता विजय बिन, शक्ति कुमार (21 वर्ष), पिता राजू बिन तथा भोला कुमार (21 वर्ष), पिता खुखनू बिन के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि तीनों में मिथुन कुमार की स्थिति गंभीर है, जबकि शक्ति कुमार और भोला कुमार को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों ने पुल पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की जरूरत बताई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button