चलती ट्रेनों में चोरी करनेवाला सूरज गुप्ता समेत दो गिरफ्तार, RPF-GRP ने लाखों का सामान किया बरामद
पाटलिपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस और अहमदाबाद एक्सप्रेस में हुई चोरी की वारदात का खुलासा, सूरज कई बार जा चुका है जेल, गोल्ड चेन, लैपटॉप, मोबाइल, ट्रॉली बैग और कार जब्त


न्यूज़ विज़न। बक्सर
चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पाटलिपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस (12141) तथा अहमदाबाद एक्सप्रेस (19421) में हुई बैग चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग ले जाते हुए दिखाई दिया।
फुटेज का गहन विश्लेषण करने और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसकी पहचान सूरज कुमार गुप्ता के रूप में की गई, जो पूर्व में भी कई चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पांडेपट्टी स्थित सूरज कुमार के किराए के मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार गुप्ता (22 वर्ष), ग्राम हकीमपुर, थाना इटाढ़ी, जिला बक्सर। एवं अक्षय कुमार (21 वर्ष), हीरालाल भट्ट, किला मैदान झोपड़पट्टी, थाना टाउन, जिला बक्सर के रूप में हुयी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। बरामद सामान में गोल्ड चेन, ट्रॉली बैग, पिट्ठू बैग, मोबाइल फोन, लैपटॉप, कार बरामद किया है। पुलिस बरामद सामान के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और अन्य मामलों से इसके संबंध की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सूरज कुमार गुप्ता एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ टाउन थाना, इंडस्ट्रियल थाना, इटाढ़ी थाना तथा रोहतास जिले के बनास थाना समेत विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह 10 से अधिक मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। आरपीएफ और जीआरपी की पूछताछ में कई अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।





