CRIME

शाहीपुर के दक्षिणी बधार में पेड़ से लटका मिला 25 वर्षीय युवक का शव, दो दिनों से था लापता

परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का लगाया आरोप, एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंच की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के शाहीपुर गांव के दक्षिणी बधार में गुरुवार को पेड़ से लटका एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान शाहीपुर गांव निवासी बबन सिंह कोईरी के 25 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार सिंह के रूप में हुई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, गोलू कुमार सिंह पिछले दो दिनों से घर से लापता था। उसके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच गुरुवार को गांव के दक्षिणी बागीचा में एक पेड़ से लटका उसका शव मिलने की सूचना ग्रामीणों को मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।

 

परिजनों के अनुसार, युवक का बगल के गांव के कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। इसको लेकर परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटका देने की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है। मृतक युवक का एक छोटा बेटा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और विभिन्न पहलुओं से जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस संबंध में इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद घटना की बारीकी से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button