OTHERS

बिहार कुश्ती संघ के महासचिव बने बक्सर के सुभाष सिंह, निर्विरोध चुनी गई नई टीम

दानापुर में संपन्न चुनाव में विशाल सिंह अध्यक्ष और सुभाष सिंह महासचिव निर्वाचित, बक्सर जिला कुश्ती संघ के सदस्यों ने दी बधाई

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार कुश्ती संघ का चुनाव गुरुवार, 26 नवंबर को दानापुर स्थित ग्रैंड फोर्ट हॉल में संपन्न हुआ। चुनाव में बिहार कुश्ती संघ के सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इस चुनाव में बक्सर जिले के सुभाष सिंह को बिहार कुश्ती संघ का महासचिव निर्वाचित किया गया। उनके महासचिव बनने पर बक्सर जिला कुश्ती संघ के दर्जनों सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

 

बिहार कुश्ती संघ के चुनाव को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भारतीय कुश्ती संघ के केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं भारतीय कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष सत्यपाल सिंह देशवाल, सेवानिवृत्त न्यायाधीश अनिल कुमार तथा बिहार ओलंपिक संघ के देवास बनर्जी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। चुनाव में बिहार के विभिन्न जिलों से आए बिहार कुश्ती संघ के पंजीकृत मतदाताओं ने भाग लिया।

 

चुनाव के दौरान सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। निर्वाचित पदाधिकारियों में विशाल सिंह अध्यक्ष, विजेंद्र कुमार, कामता राय, विकास कुमार ठाकुर एवं रागिनी कुमारी उपाध्यक्ष चुने गए। वहीं, सुभाष सिंह को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। गुंजन कुमार एवं अभय कुमार सिंह संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए, जबकि जोगेंद्र सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा अभिषेक चौबे, श्याम किशोर सिंह, रितु कुमारी, विजय कुमार एवं राणा प्रताप सिंह कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए।

चुनाव संपन्न होने के बाद उपस्थित मतदाताओं, गणमान्य अतिथियों एवं विभिन्न जिलों से पहुंचे खेल प्रेमियों ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पमाला, पुष्पगुच्छ एवं तालियों के साथ स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विशाल सिंह ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद संबोधन किया।

बक्सर जिला कुश्ती संघ के सदस्यों ने सुभाष सिंह को बिहार कुश्ती संघ का महासचिव चुने जाने पर बधाई दी। सुभाष सिंह के बाबा स्वर्गीय राम बच्चन सिंह अपने जमाने के नामचिन पहलवान थे वहीं सुभाष सिंह को बृजभूषण सिंह का हनुमान बताया जाता है। इस अवसर पर सुभाष सिंह ने कहा कि बिहार कुश्ती संघ को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में बिहार कुश्ती संघ देश में अपनी पहचान मजबूत करेगा और बिहार की कुश्ती का परचम राष्ट्रीय स्तर पर लहराएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button