अर्द्धवार्षिक परीक्षा में टॉप फाइव विद्यार्थियों को बिहार सेंट्रल स्कूल ने किया सम्मानित, प्रमाण पत्र व पुस्तक देकर बढ़ाया उत्साह
विद्यालय के 27वें स्थापना दिवस पर 10 दिसंबर तक प्री-नर्सरी, नर्सरी व एलकेजी में मुफ्त नामांकन के साथ पुस्तक देने की पहल

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में सत्र 2026-27 की अर्धवार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टॉप फाइव विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुस्तक देकर पुरस्कृत किया गया। वहीं, अन्य विद्यार्थियों को भी आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और बेहतर परिणाम हासिल करने की प्रेरणा विकसित करना था। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने से बच्चों में खुशी और उत्साह देखने को मिला। विद्यालय की इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी मेहनत और लगन के प्रति सकारात्मक प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने कहा कि बच्चों के उत्साहवर्धन और उनके भीतर पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विद्यालय की ओर से समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। वार्षिक एवं अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र के साथ पुस्तकें अथवा अन्य शैक्षणिक सामग्री देकर सम्मानित किया जाता है। इससे बच्चों को आगे भी मेहनत करने और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिलती है।
वहीं, उप प्राचार्य विनय कुमार तिवारी ने बताया कि विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें भविष्य की परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। टॉप फाइव में स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित करने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया, ताकि वे अपनी कमियों को दूर कर आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल कर सकें।
इसके साथ ही विद्यालय के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से एक विशेष पहल की गई है। आगामी 10 दिसंबर तक प्री-नर्सरी, नर्सरी एवं एलकेजी के बच्चों का मुफ्त नामांकन किया जा रहा है। इस पहल के तहत नामांकन के साथ बच्चों को पुस्तकें भी निःशुल्क दी जा रही हैं। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य प्रारंभिक शिक्षा को प्रोत्साहित करना और अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति सहयोग प्रदान करना है।




