CRIME

बक्सर रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 104 लीटर शराब बरामद

नए फुट ओवर ब्रिज के नीचे लावारिस हालत में मिलीं 6 बोरियां, ₹38,800 की शराब व बीयर जब्त

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट बक्सर के अधिकारियों एवं जवानों ने मंगलवार की रात रेलवे स्टेशन बक्सर परिसर में चलाए जा रहे नियमित चेकिंग अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ऑपरेशन “सतर्क” के तहत की गई कार्रवाई में रेलवे ट्रैक के समीप लावारिस अवस्था में रखी छह प्लास्टिक की बोरियां/बैग बरामद किए गए। तलाशी लेने पर इनमें विभिन्न ब्रांड की शराब एवं बीयर मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 38,800 रुपये बताई गई है।

 

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को लगभग 00:30 बजे RPF पोस्ट बक्सर के अधिकारी एवं कर्मचारी रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 05586 DN के बक्सर स्टेशन से प्रस्थान करने के बाद नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) के नीचे रेलवे ट्रैक के समीप छह लावारिस प्लास्टिक की बोरियां/बैग संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। RPF कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बोरियों की विधिवत जांच की। जांच के दौरान इनमें अलग-अलग ब्रांड की शराब एवं बीयर बरामद हुई। बरामद सामग्री में 750 एमएल की रॉयल स्टैग व्हिस्की की 36 बोतल, 500 एमएल की किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर के 84 कैन, 500 एमएल की कार्लसबर्ग बीयर के 60 कैन तथा 500 एमएल की बडवाइजर बीयर के 40 कैन शामिल हैं।

 

RPF के अनुसार, बरामद शराब एवं बीयर की कुल मात्रा करीब 104 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹38,800 आंकी गई है। हालांकि, शराब को रेलवे ट्रैक के पास किसने रखा था और इसे कहां ले जाने की तैयारी थी, इसकी जानकारी तत्काल सामने नहीं आ सकी। इस कार्रवाई में ASI नंदलाल राम, ASI योगेंद्र सिंह सहित RPSF के कर्मचारी शामिल रहे। बरामद शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में रेल थाना बक्सर में बिहार उत्पाद शुल्क संशोधन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। RPF द्वारा रेलवे परिसर में अवैध शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच एवं निगरानी अभियान चलाए जाने की बात कही गई है। अधिकारियों के अनुसार, रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button