OTHERS

पंचायत से नगर निकाय चुनाव तक जन सुराज की तैयारी तेज, योग्य उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की रणनीति

जिला कार्यालय में हुई बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन, किशोर कुमार मुन्ना बोले- पंचायत से संसद तक योग्य लोगों को मिले नेतृत्व का अवसर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आगामी पंचायत, जिला परिषद एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर जन सुराज पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को बक्सर स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रभारी दिवाकर पाठक ने किया। इसमें प्रदेश एवं जिला स्तर के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश चुनाव संयोजक एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश संगठन महासचिव सुभाष सिंह कुशवाहा, शाहाबाद परिक्षेत्र प्रभारी रविंद्र द्विवेदी, JSO अध्यक्ष विनय कृष्णा मिश्रा, राजवंत सिंह एवं कमलेश सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

 

पंचायत से संसद तक योग्य नेतृत्व की जरूरत : किशोर कुमार मुन्ना

मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज की कल्पना की थी, लेकिन आज भी इसकी मूल भावना पूरी तरह जमीन पर नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का भी मानना है कि बदलाव केवल सांसद और विधायक के चुनाव तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर विधानसभा और संसद तक अच्छे, योग्य और समाज के प्रति समर्पित लोगों को नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए। जन सुराज का उद्देश्य पंचायत एवं नगर निकायों में शिक्षित, योग्य और समाज के प्रति समर्पित लोगों को आगे लाना है। उनके अनुसार स्थानीय स्तर पर योग्य लोगों का नेतृत्व होने से बेहतर व्यवस्था और जनहित सुनिश्चित किया जा सकता है।

किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकायों में शराब, भूमि और बालू माफिया जैसे प्रभावों को रोकने के लिए जन सुराज लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों सहित पंचायत, जिला परिषद एवं नगर निकाय की सभी सीटों पर योग्य उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की तैयारी पार्टी की ओर से की जा रही है।

स्थानीय चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर

प्रदेश संगठन महासचिव सुभाष कुशवाहा ने कहा कि जिस तरह जन सुराज ने बांकीपुर में सफलता हासिल की है, उसी तरह वर्तमान शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के MLC चुनावों में भी पार्टी अपने प्रत्याशियों के साथ मजबूती से मैदान में है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंचायत, जिला परिषद और नगर निकाय चुनावों में मजबूत संगठन एवं जनभागीदारी के साथ योग्य और समर्पित लोगों को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे उम्मीदवारों के पक्ष में संगठनात्मक स्तर पर मजबूती से काम करेगी और उन्हें जनता तक पहुंचाने तथा समर्थन जुटाने का प्रयास किया जाएगा।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में कनक लता सिंह, धर्मेंद्र पांडे, मोहम्मद फैयाज खान, धनजी पांडे, फाइटर सिंह, ललक राय, जयराम कुशवाहा, रघुवर सिंह, अजीत सम्राट, विजय पाठक, धनंजय पासवान, विष्णु देव राय, प्रभु ओझा, श्रीमान राय, नीलू, शंभू प्रसाद यादव, खरवार, जगदंबा, नजीर खान, विजय आनंद वर्मा, मनीष उपाध्याय, मनोज उपाध्याय, अरविंद गुप्ता, योगेंद्र यादव, रेनू प्रजापति, अभिषेक सिंह, बनारसी बिहार, शिवनंदन ठाकुर एवं विकास पाठक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, योग्य एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाने तथा जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने पर जोर दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button