OTHERS

पूर्व CRPF जवानों के लिए बक्सर में CGHS OPD और Wellness Centre की मांग, विधायक आनंद मिश्रा ने दिया पहल का भरोसा

वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ एक्स-CRPF वॉरियर के कार्यक्रम में विधायक का सम्मान, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई चर्चा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सोमवार को वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ एक्स-CRPF वॉरियर, बक्सर के कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक आनंद मिश्रा का गरिमामय आगमन हुआ। एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं सम्मान किया।

 

इस अवसर पर विधायक आनंद मिश्रा ने देश की सेवा में CRPF के वीर जवानों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि CRPF के जवानों ने त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके समर्पण और सेवा भावना को विधायक ने प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के दौरान वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ एक्स-CRPF वॉरियर, बक्सर के अध्यक्ष रितेश पांडेय ने जिले में CGHS की OPD सुविधा एवं Wellness Centre स्थापित किए जाने की मांग विधायक के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि बक्सर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कर्मी एवं उनके परिवार रहते हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर CGHS की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिल सकती है।

 

अध्यक्ष की मांग पर विधायक आनंद मिश्रा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि इस विषय को संबंधित स्तर पर उठाकर जल्द से जल्द आवश्यक पहल और प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व CRPF जवानों एवं उनके परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें महत्वपूर्ण हैं और इस दिशा में सहयोग किया जाएगा। विधायक ने एसोसिएशन द्वारा पूर्व CRPF जवानों एवं उनके परिवारों के हित में किए जा रहे सामाजिक एवं कल्याणकारी कार्यों की भी सराहना की। कार्यक्रम में अध्यक्ष रितेश पांडेय, कोषाध्यक्ष गोपाल, सचिव एवं भूतपूर्व इंस्पेक्टर छोटे लाल सिंह, विनोद कुमार तिवारी, वशिष्ठ कुमार राय, रघुनाथ यादव, विक्रमा मिश्रा, प्रभात मिश्रा, प्रसाद उपाध्याय, रंजन राय, जगमोहन राम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं CRPF कार्मिकों के परिवार से बसंत राय, जावेद खान एवं नितेश कुमार तथा BSF जवान नरेश कुमार पांडेय और उत्तम कुमार समेत अन्य परिजन भी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button