चुनावी पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस का बक्सर में प्रदर्शन, पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले फूंके
जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन; चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमिटी, बक्सर के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न सवालों और आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की महत्वपूर्ण भूमिका है और इससे जुड़े किसी भी सवाल का समाधान निष्पक्ष जांच के माध्यम से होना चाहिए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी, बक्सर के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के निष्कासन की प्रक्रिया प्रारंभ करने, चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनता का विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरिशंकर त्रिवेदी, संजय पाण्डेय, महिमा शंकर उपाध्याय, गणेश पाण्डेय, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर लक्समन उपाध्याय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला देवी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। इसके अलावा प्रखंड अध्यक्ष राजा तिवारी, मोहित तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का भरोसा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। चुनावी प्रक्रिया से संबंधित उठ रहे सवालों पर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि आम लोगों के बीच चुनाव व्यवस्था को लेकर विश्वास कायम रहे। जिला कांग्रेस कमिटी, बक्सर के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
वीडियो देखें :





