ACCIDENT

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, रूपसागर गांव में पसरा मातम

नावानगर के एनएच-120 पर ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के समीप हुआ हादसा, दवा खरीदकर घर लौट रहा था युवक; अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के नावानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-120 स्थित डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के समीप हुआ, जहां पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रूपसागर गांव निवासी छठू सिंह के पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार शुक्रवार को किसी काम से नावानगर बाजार आया था। बाजार में दवा खरीदने के बाद वह बाइक से अपने गांव रूपसागर लौट रहा था। इसी दौरान डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित बाइक से गिरकर सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने रोहित कुमार को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 

घटना के संबंध में नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। रोहित की असामयिक मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं और उनके गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button