OTHERS

धनसोई में चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ की तैयारियों को लेकर बैठक, 28 नवंबर को निकलेगी गुरु ग्रंथ एवं कलश शोभायात्रा

यज्ञशाला, पुस्तक मेला, भोजनालय और अतिथियों के आवास व्यवस्था पर हुई चर्चा, 1 दिसंबर को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा महायज्ञ

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शुक्रवार को गायत्री महायज्ञ समिति की बैठक यज्ञ स्थल हरि नारायण शाह भुवनेश्वर जनता महाविद्यालय, धनसोई में आयोजित हुई। बैठक में आगामी गायत्री महायज्ञ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई। यज्ञशाला, पुस्तक मेला, गुरु ग्रंथ एवं कलश शोभायात्रा, भोजनालय तथा आगत अतिथियों के आवास से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए जिम्मेदारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

 

बैठक को संबोधित करते हुए जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट, गायत्री शक्तिपीठ बक्सर के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी रामानंद तिवारी ने महायज्ञ के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को गुरु ग्रंथ एवं कलश शोभायात्रा यज्ञशाला से प्रारंभ होकर धनसोई के मुख्य बाजार होते हुए जंगलिया बाबा घाट पहुंचेगी, जहां जलभरी की जाएगी। इसके बाद शोभायात्रा पुनः मुख्य मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल पहुंचेगी। वहां कलश धारण करने वाली माताओं एवं बहनों की आरती उतारी जाएगी। इसी दिन संध्या 4 बजे से संगीत एवं प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित होगा।

 

29 नवंबर को सुबह 8 बजे देव पूजन के साथ यज्ञशाला में सभी श्रद्धालुओं के लिए यज्ञ प्रारंभ होगा। दोपहर 2 बजे कार्यकर्ता गोष्ठी तथा शाम 4 बजे संगीत एवं प्रवचन का आयोजन होगा। 30 नवंबर को सुबह 8 बजे संस्कार प्रधान यज्ञ तथा शाम 4 बजे संगीत, प्रवचन के साथ दीप महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर को महायज्ञ की पूर्णाहुति, संकल्प गोष्ठी एवं महाप्रसाद के बाद आगत अतिथियों तथा शांतिकुंज हरिद्वार से आए प्रज्ञा पुत्रों की विदाई के साथ चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ का समापन होगा।

बैठक के अंत में शांति पाठ के साथ गोष्ठी संपन्न हुई। इसमें दीप नारायण प्रसाद, वरुण जी, रामचंद्र जी, राजू चौबे, नरेंद्र राय, राज किशोर सिंह, काशीनाथ सिंह, डॉ. जितेंद्र कुमार, मनोज राय, वंदना पटेल, प्रतिभा देवी, राजकुमारी देवी सहित दर्जनों लोगों ने भाग लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button