OTHERS

बाल विवाह के खिलाफ एनसीसी कैडेटों ने बुलंद की आवाज, जागरूकता रैली निकाल दिया शिक्षा का संदेश

आईटीआई फील्ड से सिपाही घाट तक निकली रैली, सेंट मैरी स्कूल और एमपी हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह रोकने की ली शपथ

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने और बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर को 30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर के तत्वावधान में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। सूबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान में सेंट मैरी स्कूल और एमपी हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक होने का संदेश दिया।

 

रैली की शुरुआत शहर के आईटीआई फील्ड से हुई। यहां से रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सिपाही घाट पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में बाल विवाह विरोधी संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। बच्चों ने नारों के माध्यम से आम लोगों से कम उम्र में बच्चों की शादी नहीं कराने तथा उन्हें शिक्षा, बेहतर भविष्य और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देने की अपील की।

 

इस अवसर पर सूबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह केवल एक कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में भी बड़ी बाधा है। कम उम्र में विवाह बच्चों के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इस कुप्रथा के खिलाफ आगे आना होगा। इसके लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

सिपाही घाट पर रैली के समापन के दौरान सूबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर, बीएचएम के.के. मिश्रा, सीएचएम आकाश थापा, ट्रेनिंग एनसीओ रवि शंकर कुमार, सीटीओ शुभम पाण्डेय सहित अन्य पीआई स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से बाल विवाह रोकने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली। स्थानीय नागरिकों ने भी एनसीसी और स्कूली बच्चों के इस प्रयास की सराहना की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button