OTHERS

बक्सर में ब्रह्माकुमारीज़ का नशा मुक्ति अभियान सफल, 45 हजार से अधिक लोगों ने ली नशा छोड़ने की प्रतिज्ञा

स्कूल-कॉलेजों से लेकर जेलों और छठ घाटों तक चला जागरूकता अभियान, MoU के तहत तीन वर्षों तक जारी रहेगी मुहिम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
विकसित भारत और समृद्ध बिहार की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बक्सर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। बाबानगर डिफेंस कॉलोनी स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान अब तक 45 हजार से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।

 

दरअसल, भारत सरकार और ब्रह्माकुमारीज़ के संयुक्त प्रयास से अगस्त 2026 में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने का संकल्प लिया गया। इसकी बिहार में राज्यस्तरीय शुरुआत 2 अगस्त को पटना के लोक भवन में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में हुई थी। मुख्यमंत्री ने बिहार को नशामुक्त बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) करने की इच्छा जताई थी।

 

इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को पटना के बापू सभागार में बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा ब्रह्माकुमारीज़ के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री मदन सहनी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी संगीता दीदी एवं वरिष्ठ चिकित्सक बीके सचिन परब मौजूद रहे। इसके बाद 27 अक्टूबर को पटना के अधिवेशन भवन में 27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलने वाले राज्यव्यापी अभियान की लॉन्चिंग की गई।

बक्सर में व्यापक स्तर पर हुई जनभागीदारी

इस अभियान के तहत बक्सर के सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों, कॉलेजों, डिग्री कॉलेजों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, जिले के तीनों जेलों, सभी प्रखंडों के जीविका सीएलएफ केंद्रों, सार्वजनिक स्थलों और छठ घाटों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ आध्यात्मिकता और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से नशे से बाहर निकलने के उपाय बताए गए।

बिट्स 2.0 में हुआ अभियान का समापन

26 नवंबर को बक्सर समाहरणालय के सभा कक्ष में आयोजित ‘बक्सर बिट्स 2.0’ कार्यक्रम के दौरान अभियान की समापन कड़ी आयोजित हुई। इसमें विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, एग्रीकल्चर एवं इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को युवा चुनौतियों एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, डीएसपी साइबर, डीएसपी बक्सर, मद्य निषेध अधीक्षक तथा ब्रह्माकुमार अंकित उपस्थित रहे।

संस्था की बक्सर संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी रानी दीदी ने कहा कि विकसित भारत, समृद्ध बिहार और खुशहाल बक्सर की परिकल्पना नशामुक्त समाज के बिना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने लोगों से राजयोग मेडिटेशन सीखने और अपने परिवार को नशामुक्त एवं सशक्त बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 90 वर्षों से समाज कल्याण के लिए कार्यरत है तथा बक्सर में 25 वर्षों से सेवा कर रही है। उन्होंने अभियान की सफलता में जिला प्रशासन, मद्य निषेध विभाग और जीविका बक्सर के सहयोग के प्रति आभार जताया। MoU के तहत यह अभियान अगले तीन वर्षों तक जारी रहेगा और 45 हजार से अधिक लोगों का आंकड़ा आगे भी बढ़ेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button