एनएच-922 पर तेज रफ्तार का कहर, नुआंव के 65 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत
सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

न्यूज़ विज़न। बक्सर
पटना-बक्सर एनएच-922 पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार दोपहर नुआंव गांव के समीप सड़क हादसे में एक 65 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पार कर रहे वृद्ध को बक्सर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिजनों में मातम छा गया।
मृतक की पहचान नुआंव गांव निवासी तेजु यादव (65 वर्ष) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर तेजु यादव किसी काम से एनएच-922 पार कर रहे थे। इसी दौरान हाईवे की दक्षिणी लेन पर बक्सर की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वृद्ध सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और वृद्ध को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके पर रुकने के बजाय तेजी से फरार हो गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हुई है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। अन्य पहलुओं पर भी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद एक बार फिर एनएच-922 पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।




