कार्यालय परिचारी नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग, जिला पदाधिकारी को सौंपा आवेदन
विज्ञापन संख्या 01/2012 के तहत नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से लंबित, रिक्त पदों की संख्या सरकार को भेजने में देरी पर अभ्यर्थियों ने जताई नाराजगी

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिला कार्यालय परिचारी समूह ‘घ’ के अंतर्गत कार्यालय परिचारी एवं परिचारी (विशिष्ट) की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा जिले में अधिक से अधिक रिक्त पदों की संख्या बिहार सरकार को भेजने की मांग को लेकर कार्यालय परिचारी संघ के सदस्यों ने बैठक की। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष गिरीश कुमार ने की। बैठक के बाद संगठन के सदस्यों एवं अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी बक्सर को सौंपा।
आवेदन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने सामान्य प्रशासन विभाग के पत्र का हवाला देते हुए कहा कि विज्ञापन संख्या 01/2012 के तहत कार्यालय परिचारी एवं परिचारी (विशिष्ट) की नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। इस मामले में माननीय उच्च न्यायालय, पटना द्वारा वर्ष 2019 में आदेश पारित किया गया था। इसके बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अभ्यर्थियों में निराशा बनी हुई है। अभ्यर्थियों ने बताया कि नियुक्ति प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर पूर्व में पटना के गर्दनीबाग में धरना-प्रदर्शन किया गया था। धरना के दौरान सरकार के अवर सचिव विनीता कुमारी द्वारा यथाशीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने अपना धरना समाप्त किया था।
अभ्यर्थियों के अनुसार, धरना समाप्त होने के बाद बिहार सरकार की ओर से बक्सर जिला सहित संबंधित जिलों को रिक्त पदों की संख्या भेजने के संबंध में पत्र प्राप्त हुआ था, ताकि आगे नियुक्ति प्रक्रिया को गति दी जा सके। लेकिन लगभग 20 दिन बीत जाने के बावजूद बक्सर जिले से अब तक रिक्तियों की संख्या सरकार को नहीं भेजे जाने पर अभ्यर्थियों ने चिंता जताई है। संगठन के सदस्यों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इस मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए जिले में कार्यालय परिचारी एवं परिचारी (विशिष्ट) के रिक्त पदों की संख्या बिहार सरकार को भेजी जाए, जिससे वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके और नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़े।
बैठक एवं आवेदन सौंपने के दौरान ब्रजेश पासवान, संतोष कुमार गुप्ता, सुरेश प्रसाद सिंह, नीरज कुमार, कमलेश कुमार रजक, रामकेश्वर राम, पवन कुमार, अर्जुन राम, विकास कुमार पासवान, लालू प्रसाद, ऋतुरंजन सिंह, राजेश पासवान, हेमंत कुमार, सुदामा पासवान, राजू पासवान, अंजू कुमार राम, उपेंद्र कुमार राम, संजय कुमार सिंह, प्रमोद कुमार, सोनू कुमार सिंह, कामता सिंह यादव, संजय कुमार, विनोद कुमार, रत्नेश कुमार सिंह, रवि भूषण उपाध्याय, मदन प्रसाद, मोहम्मद नसीम, रविंद्र कुमार राम, धर्मेंद्र कुमार, अशोक कुमार राम समेत अन्य शामिल रहे।
वीडियो देखें :




