जिंदगी अनमोल है, सड़क पर लापरवाही नहीं, जिम्मेदारी दिखाएं: दलसागर टोल प्लाजा पर चला सड़क सुरक्षा महा जन-जागरूकता अभियान
रक्षक – The Road Safety Mission की पहल पर सैकड़ों वाहन चालकों ने भरा संकल्प पत्र, ट्रैफिक पुलिस और नया भोजपुर थाना पुलिस ने भी की सहभागिता

न्यूज़ विज़न। बक्सर
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एनएच-922 स्थित दलसागर टोल प्लाजा के समीप सड़क सुरक्षा महा जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘रक्षक – The Road Safety Mission’ के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में ट्रैफिक पुलिस बक्सर, नया भोजपुर थाना पुलिस, विभिन्न वाहन चालकों और जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात और जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, रॉन्ग साइड में वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की गई। इसके साथ ही सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने से बचने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सैकड़ों वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा संकल्प पत्र भरवाया गया और उन्हें सुरक्षित यातायात के प्रति शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के तहत एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। इसके माध्यम से आम लोगों को बताया गया कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी भर की खुशियां छीन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी ध्यान रखना बेहद जरूरी है। अभियान के संयोजक कृष्णा शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। हमारा उद्देश्य किसी पर कार्रवाई करवाना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर जिम्मेदार वाहन चालक बनाना और अनमोल जिंदगियों को बचाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों के सामूहिक सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा।
अंत में अभियान के आयोजकों ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, रॉन्ग साइड से वाहन नहीं चलाने और सड़क पर हमेशा सतर्क रहने की अपील की। साथ ही संदेश दिया कि “आपका घर पर कोई इंतजार कर रहा है, इसलिए सुरक्षित चलें और सुरक्षित घर पहुंचें।”
*संदेश: जिंदगी अनमोल है, सड़क पर लापरवाही नहीं, जिम्मेदारी दिखाएं।*




