फर्नीचर के अंदर छुपाकर अम्बाला से दरभंगा ले जाई जा रही थी 668 लीटर विदेशी शराब पकड़ाया, हरियाणा का चालक गिरफ्तार
वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई, महिंद्रा पिकअप से बरामद हुई साढ़े आठ लाख की शराब


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को बक्सर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वीर कुंवर सिंह सेतु पर वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। उत्पाद विभाग की टीम ने लकड़ी के फर्नीचर में छुपाकर लाई जा रही 668 लीटर शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार जिला उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर शहर के वीर कुंवर सिंह सेतु पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान चेक पोस्ट प्रभारी एक्साइज इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम वाहनों की जांच कर रही थी। तभी हरियाणा नंबर की एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन (HR-66 C 1231) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे लकड़ी के फर्नीचर के अंदर छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने वाहन से कुल 668 लीटर शराब जब्त किया। पूछताछ में पता चला कि शराब की खेप अंबाला से दरभंगा ले जाई जा रही थी।
मौके से वाहन चालक प्रदीप को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान किरोड़ीमल के पुत्र प्रदीप, निवासी उस्मापुर, थाना महेंद्रगढ़, जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है। गिरफ्तार चालक के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बरामद शराब “मेड इन चंडीगढ़” है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग साढ़े आठ लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्कर पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए शराब को फर्नीचर के अंदर छुपाकर परिवहन कर रहे थे, लेकिन जांच टीम की सतर्कता से तस्करी की यह बड़ी खेप पकड़ी गई।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वीडियो देखें :





