कर्तव्य के प्रति लापरवाह तीन पुलिस अधिकारियों को एसपी ने किया निलंबित
औचक निरीक्षण में खुली पोल, ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर गिरी गाज; कई अन्य पुलिसकर्मियों से भी मांगा गया स्पष्टीकरण


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार की देर रात खुद सड़कों पर उतरकर औचक निरीक्षण करने निकले एसपी को कई थानों में ड्यूटी के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता देखने को मिली।
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की कार्यशैली संतोषजनक नहीं पाई गई। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी न केवल अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ते नजर आए, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों की भी खुलेआम अनदेखी करते पाए गए। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से तीन पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, टाउन थाना के पीटीसी अमरजीत कुमार, नया भोजपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक नजरूल हक तथा औद्योगिक थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार सिंह पर यह कार्रवाई की गई है।
एसपी शुभम आर्य ने स्पष्ट किया कि कर्तव्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और जो भी अधिकारी या कर्मी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निलंबन की अवधि के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को केवल सामान्य जीवन-यापन भत्ता ही दिया जाएगा। इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान जिन अन्य पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली संदिग्ध या असंतोषजनक पाई गई है, उनसे भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और इसे विभाग में अनुशासन कायम करने की दिशा में एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।





