OTHERS

600वें रविवार पर ऐतिहासिक मुकाम: ‘छात्रशक्ति’ का गंगा स्वच्छता महाअभियान बना जन-आंदोलन

12 वर्षों से निरंतर चल रहा श्रमदान अभियान, युवाओं ने लिया संकल्प—“न गंगा को गंदा करेंगे, न होने देंगे”

न्यूज विज़न। बक्सर
नदी संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अटूट समर्पण का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए ‘छात्रशक्ति’ संगठन द्वारा संचालित “श्रमदान से स्वच्छता का महाअभियान” इस रविवार अपने ऐतिहासिक 600वें पड़ाव पर पहुँच गया। गंगा की अविरलता और निर्मलता को समर्पित यह अभियान पिछले 12 वर्षों से (2 नवंबर 2014 से) बिना रुके लगातार चल रहा है, जो अपने आप में एक मिसाल बन चुका है।

 

इस विशेष अवसर पर बक्सर जिले से बड़ी संख्या में छात्र-युवा, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता एकत्रित हुए। सभी ने अपनी क्षमता अनुसार श्रमदान कर गंगा की स्वच्छता में योगदान दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित लोगों ने गंगा संरक्षण का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया। अभियान के प्रणेता एवं ‘छात्रशक्ति’ के सुप्रीम नेता सौरभ तिवारी ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और सभ्यता की पहचान है। आज जरूरत सिर्फ सोचने की नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने की है। उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान केवल घाटों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की सोच में बदलाव लाने का प्रयास है। हर रविवार युवा गंगा किनारे पहुँचकर न सिर्फ कचरा साफ करते हैं, बल्कि समाज को जागरूक करने का संदेश भी देते हैं।

 

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा:
गंगा में कचरा न डालें
दूसरों को भी जागरूक करें
सप्ताह में एक दिन गंगा सेवा के लिए जरूर दें
सौरभ तिवारी ने जोर देकर कहा कि
“बदलाव सरकार नहीं, समाज लाता है और समाज को बदलने की ताकत युवाओं में होती है।”

इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा को प्रदूषण मुक्त रखना और युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। ‘छात्रशक्ति’ द्वारा शुरू किया गया यह प्रयास अब एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। कार्यक्रम के दौरान गंगा घाटों की व्यापक सफाई की गई, नदी के अंदर से आस्था से जुड़े कचरे को निकाला गया तथा उपस्थित लोगों को गंगा संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें कैरियर लॉन्चर नोएडा के निदेशक रामानुज मिश्रा, जदयू नेता संजय सिंह, भाजपा नेता शिवजी खेमका सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता, नाविक, पंडा समाज और श्रद्धालु शामिल हुए।

अभियान का संदेश:
“अविरल धारा, स्वच्छ किनारा और निर्मल गंगा—संकल्प हमारा”
600 हफ्तों का यह निरंतर सफर बक्सर के युवाओं की दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण का प्रतीक है। आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे हर रविवार इस अभियान से जुड़कर गंगा सेवा में अपना योगदान दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button