CRIME

शादी समारोह में आई नर्तकी से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी हिरासत में 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह में अपनी कला का प्रदर्शन करने आई 22 वर्षीय नर्तकी के साथ कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी शिवपूजन राजभर के घर शुक्रवार की रात बारात आई थी। विवाह समारोह में मनोरंजन के लिए वधू पक्ष की ओर से नया भोजपुर क्षेत्र से एक नर्तकी को बुलाया गया था। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। बताया जा रहा है कि जब नर्तकी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रही थी, तभी गांव के ही कुछ युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे गांव से बाहर बधार (खेत क्षेत्र) में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे अचेत अवस्था में वहीं छोड़कर फरार हो गए।

 

शनिवार सुबह जब कुछ ग्रामीण शौच के लिए खेत की ओर गए, तब उनकी नजर अचेत अवस्था में पड़ी युवती पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा। होश में आने के बाद पीड़िता ने गांव के कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button