शराब तस्करों पर शिकंजा, 10 लाख से अधिक की खेप बरामद, चालक फरार
चौसा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की बड़ी सफलता, 2035.920 लीटर विदेशी व देशी शराब बरामद


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के अभियान के तहत उत्पाद विभाग को मंगलवार की देर रात बड़ी सफलता मिली। चौसा मद्य निषेध चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने भारी मात्रा में विदेशी एवं देशी शराब से लदी एक महिंद्रा पिकअप को जब्त कर लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद निरीक्षक सह मद्य निषेध चेकपोस्ट प्रभारी प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में मंगलवार की देर रात चौसा चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप (वाहन संख्या JH01 AE 5416) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। पीछा किए जाने पर चालक चौसा स्टेशन रोड के समीप पिकअप को छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद टीम ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी और देशी शराब बरामद हुई।
जांच में कुल 2035.920 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख 23 हजार रुपये आंकी गई है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि फरार चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही वाहन के मालिक की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उत्पाद विभाग का कहना है कि जिले में शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





