CRIME

बक्सर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: ट्रेन में लॉकेट झपटने वाली तीन अंतरराज्यीय महिला अपराधी गिरफ्तार

RPF और GRP की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के दो सोने के लॉकेट बरामद, तीनों महिलाएं पहले भी जा चुकी हैं जेल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की शाम रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान तीन अंतरराज्यीय महिला अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिलाओं पर ट्रेन संख्या 22670 में यात्रा कर रहे एक यात्री से सोने के दो लॉकेट झपटने का आरोप है।

 

घटना मंगलवार को लगभग 18:20 बजे की बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन महिलाओं को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी गए दो सोने के लॉकेट बरामद किए गए। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है —दुर्गावती देवी (40 वर्ष), पति जितेंद्र कुमार, निवासी मिरगंज, थाना खलीलाबाद, जिला संत कबीर नगर (उत्तर प्रदेश)
नंदिता देवी (40 वर्ष), पति मुन्ना प्रसाद, निवासी परदाहा, थाना कोतवाली, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश)
खुशबू कुमारी (20 वर्ष), पति रॉबिन प्रसाद, निवासी परदाहा, थाना कोतवाली, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश)

 

पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार तीनों महिलाएं पहले भी विभिन्न जिलों में चोरी एवं झपटमारी के मामलों में जेल जा चुकी हैं।
दुर्गावती देवी के खिलाफ टाउन थाना जहानाबाद में कांड संख्या 426/25 दर्ज है, जिसमें BNS की धारा 303(2) एवं 317(2) लगाई गई थी।
नंदिता देवी के खिलाफ दीप नगर थाना, नालंदा में कांड संख्या 177/25 दिनांक 09 मई 2025 को दर्ज किया गया था। उस मामले में धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) BNS लागू है।
खुशबू कुमारी के खिलाफ भी दीप नगर थाना, नालंदा में समान कांड संख्या 177/25 के तहत मामला दर्ज है।

 

न्यायालय को किया गया अग्रसारित
रेल पुलिस ने तीनों महिलाओं के विरुद्ध GRP बक्सर थाना में मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष अग्रसारित किया गया। रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button