बक्सर रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग से 22 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, 15 अगस्त को लेकर RPF का विशेष अभियान तेज
ट्रेनों और स्टेशन परिसर में RPF की पैनी नजर, चार लावारिस बैगों की जांच में मिली विभिन्न ब्रांड की शराब; कार्रवाई के लिए GRP को सौंपा गया


न्यूज़ विज़न। बक्सर
आगामी 15 अगस्त को देखते हुए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर पोस्ट द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार को बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पूर्वी छोर से लावारिस हालत में पड़े चार बैग बरामद किए गए। जांच के दौरान बैगों से विभिन्न ब्रांड की कुल 22 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
जानकारी के अनुसार, RPF पोस्ट बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर स्टेशन परिसर और अप एवं डाउन दिशा में चलने वाली ट्रेनों में विशेष निगरानी की जा रही थी। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव, आरक्षी सोनालाल यादव एवं प्रधान आरक्षी बृजेश राय सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे। इसी क्रम में करीब सुबह 9:30 बजे गाड़ी संख्या 22362 के बक्सर स्टेशन से गुजरने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पूर्वी छोर की ओर चार बैग लावारिस अवस्था में पड़े दिखाई दिए। बैगों को संदिग्ध मानते हुए RPF जवानों ने उनकी जांच की। जांच के दौरान बैगों के अंदर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। RPF द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए लावारिस हालत में बरामद कुल 22 लीटर अंग्रेजी शराब को जब्त कर लिया गया। इसके बाद अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए बरामद शराब को GRP बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया।
15 अगस्त को लेकर शराब तस्करों पर विशेष नजर
बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर RPF निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार द्वारा विशेष टीम का गठन कर शराब तस्करों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और ट्रेनों में आने-जाने वाले यात्रियों तथा संदिग्ध सामान पर विशेष नजर रखी जा रही है। RPF की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप की स्थिति है। सुरक्षा बल द्वारा लगातार यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान रेलवे परिसर और ट्रेनों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि को अंजाम नहीं दिया जा सके। RPF अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन एवं ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





