24 मई को होगा भव्य सैनिक समागम समारोह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ होंगे मुख्य अतिथि


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के कल्याण को समर्पित संगठन आई ई एस एम (Indian Ex-Servicemen Movement) बक्सर की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई। यह बैठक आगामी 24 मई 2026 को बक्सर किला मैदान में होने वाले भव्य सैनिक समागम समारोह की तैयारी को लेकर बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता आई ई एस एम बक्सर के चेयरमैन डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने सैनिक समागम समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प लिया। जानकारी दी गई कि समारोह 24 मई को सुबह 10 बजे से शाम 4:45 बजे तक आयोजित होगा, जिसके मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री भारत सरकार माननीय संजय सेठ होंगे।
सैनिकों की समस्याओं के समाधान पर रहेगा फोकस
बैठक में बताया गया कि सैनिक समागम समारोह का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना है। समारोह के दौरान सीजीडीए एवं पीसीडीए की ओर से विशेष पेंशन अदालत भी लगाई जाएगी, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान सैनिकों की पेंशन, एरियर और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। चेयरमैन डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय ने कहा कि इस समारोह को सफल बनाने के लिए सभी पूर्व सैनिक युद्ध स्तर पर कार्य करेंगे। उन्होंने समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों से भी समारोह में भाग लेकर सहयोग करने की अपील की। वहीं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि सैनिकों के हित में कार्य करने वाले सभी संगठन इस कार्यक्रम में सादर आमंत्रित हैं और सभी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने कहा कि सभी सैनिक संगठनों का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की हर समस्या का समाधान करना है।
देशभर से जुटेंगे पूर्व सैनिक
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बक्सर ही नहीं बल्कि बिहार, पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश तथा देश के विभिन्न हिस्सों से भी पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं इस समारोह में शामिल होंगी। आई ई एस एम बक्सर द्वारा वर्षों से सैनिकों एवं वीरांगनाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। संगठन अब तक लगभग 10 करोड़ रुपये की पेंशन एवं एरियर राशि सैनिकों को दिलाने में सफल रहा है, जो पूरी तरह निःशुल्क एवं निस्वार्थ सेवा के रूप में किया गया है। इस अवसर पर उपस्थित सैनिकों ने एफएडीएस माननीय विश्वजीत सहाय, सीजीडीए के माननीय ए. एन. दास, पीसीडीए प्रधान नियंत्रक कवलदीप सिंह, पीसीडीए अधिकारी मनोज सिंह सहित सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “सैनिक एकता जिंदाबाद” और “आई ई एस एम बक्सर जिंदाबाद” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
बैठक में उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आर. बी. ओझा, कैप्टन श्रीनिवास सिंह, कैप्टन संजय पाठक, सूबेदार मेजर आर. बी. सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, कैप्टन कन्हैया पंडित, सूबेदार कमलेश्वर राय, नायक शशि भूषण ओझा, हरिहर सिंह, चंद्रजीत सिंह, रामनाथ सिंह, विनोद तिवारी, जैनेन्द्र सिंह, सुदामा प्रसाद, गणेश सिंह, कन्हैया पाण्डेय, वीरांगना रिंकी देवी, उर्मिला देवी, लीलावती देवी, मुन्नी देवी, पार्वती देवी, कलावती देवी समेत सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं उपस्थित रहीं। अंत में सभापति कैप्टन बी. एन. पांडे ने बैठक समाप्ति की घोषणा की।





