भाजपा नेता दुर्गेश उपाध्याय के समर्थन में उतरा भाजपा-जदयू का प्रतिनिधिमंडल, पुलिस कार्रवाई को बताया अन्यायपूर्ण
वरिष्ठ नेताओं ने आवास पहुंचकर जाना पूरा घटनाक्रम, कहा— न्याय दिलाने के लिए हर मंच पर उठाई जाएगी आवाज, लोकतांत्रिक तरीके से लड़ी जाएगी लड़ाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
भाजपा क्रीड़ा मंच के जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय के साथ हुई कथित पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में सोमवार को भाजपा एवं सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल उनके आवास पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने दुर्गेश उपाध्याय से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली और मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह, जदयू के जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजवंश सिंह, भाजपा नेता राजाराम पांडेय तथा भाजपा युवा मोर्चा बक्सर के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला बीस सूत्री सदस्य सौरभ तिवारी ने किया। दुर्गेश उपाध्याय से विस्तृत वार्ता के बाद प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त रूप से कहा कि उनके साथ अन्याय और ज्यादती हुई है। नेताओं ने कहा कि भाजपा परिवार इस पूरे प्रकरण में दुर्गेश उपाध्याय के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस मामले को उचित मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा यदि आवश्यकता पड़ी तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक स्तर पर भी आवाज बुलंद की जाएगी। नेताओं ने स्पष्ट किया कि न्याय की इस लड़ाई को पूरी मजबूती, संवैधानिक दायरे और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप लड़ा जाएगा। नेताओं ने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ यदि अन्याय होता है तो उसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना प्रत्येक जिम्मेदार राजनीतिक दल का दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में पार्टी पीड़ित पक्ष के साथ पूरी तरह खड़ी रहेगी।
इस दौरान भाजपा क्रीड़ा मंच के प्रदेश प्रवक्ता राहुल दुबे, किसान मोर्चा के महामंत्री उमाकांत पांडेय, किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष नीतीश मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पिंकू चौबे, अजय वर्मा, विनोद उपाध्याय, बंशीधर पाण्डेय, अजय भट्ट, उदय उज्जैन, अतीश लाल, अजित चौधरी, रोहित मिश्र, महावीर गुप्ता सहित भाजपा एवं सहयोगी दलों के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





