बक्सर विधानसभा की जनता ही असली नेतृत्वकर्ता, विधायक सिर्फ प्रतिनिधि : सौरभ तिवारी
पत्रकारों को मानहानि का नोटिस भेजने पर भाजपा नेता ने जताई नाराजगी, कहा- लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के खिलाफ ऐसा कदम दुर्भाग्यपूर्ण

न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भाजपा नेता सह जिला बीस सूत्री सदस्य सौरभ तिवारी ने बक्सर विधानसभा क्षेत्र संख्या 200 की समस्त जनता को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस दौरान उन्होंने बक्सर की राजनीतिक परिस्थितियों और हाल के दिनों में विधायक एवं पत्रकारों के बीच उत्पन्न विवाद को लेकर भी अपनी बेबाक राय रखी।
सौरभ तिवारी ने कहा कि बक्सर विधानसभा की जनता ही वास्तविक नेतृत्वकर्ता है। हम जनता के बीच रहकर उनकी आवाज उठाते हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि बक्सर विधानसभा के नेता हम हैं, जबकि विधायक जनता के चुने हुए प्रतिनिधि मात्र हैं। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी जनता की भावनाओं एवं सम्मान का ख्याल रखना है।
विधायक द्वारा बक्सर की जनता के लिए कथित तौर पर ‘चित्रकूट’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में मानहानि का मुकदमा तो बक्सर की जनता को करना चाहिए था। जनता का अपमान किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। वहीं, बक्सर विधायक की ओर से पत्रकारों को मानहानि का नोटिस भेजे जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जाहिर की। सौरभ तिवारी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता समाज की आवाज उठाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का काम करती है। ऐसे में पत्रकारों को मानहानि का नोटिस भेजना उचित नहीं है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि यह पूरा कदम विधायक ने स्वयं नहीं उठाया है, बल्कि उनके आसपास रहने वाले तथाकथित स्क्रिप्ट राइटरों की भूमिका है, जो उन्हें इस तरह के कदम उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सौरभ तिवारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को आलोचना से घबराने के बजाय जनता और मीडिया के सवालों का जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र में संवाद, पारदर्शिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान बेहद जरूरी है।
वीडियो देखें :




