बक्सर में 14 से 16 दिसंबर तक गूंजेगी बागेश्वर धाम सरकार की रामकथा, हवाई अड्डा मैदान में होगा भव्य आयोजन
57वें सीताराम विवाह महोत्सव के तहत 13 दिसंबर को बक्सर पहुंचेंगे पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, अंतिम दिन लग सकता है दिव्य दरबार; अजय राय होंगे कथा के मुख्य जजमान

न्यूज विज़न। बक्सर
शहर के सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम में आयोजित होने वाले 57वें सीताराम विवाह महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष महोत्सव में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल होंगे। उनके आगमन और श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर शनिवार को आश्रम में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आश्रम के महंत श्री राजाराम शरण दास जी महाराज ने बताया कि 57वां सीताराम विवाह महोत्सव 7 दिसंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में 13 दिसंबर को महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बक्सर पहुंचेंगे। उनके द्वारा 14, 15 एवं 16 दिसंबर को बक्सर हवाई अड्डा मैदान में प्रभु श्रीराम की कथा सुनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पूरे आयोजन की जिम्मेदारी सीताराम विवाह समिति द्वारा निभाई जा रही है। कथा के मुख्य जजमान अजय राय होंगे। महंत जी ने श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
वहीं, बागेश्वर धाम से पहुंचे सेवादार राजपाल ने प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की तैयारियों और महाराज के आगमन को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 13 दिसंबर की शाम सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम पहुंचेंगे। इसके बाद 14, 15 और 16 दिसंबर को हवाई अड्डा मैदान में उनकी श्रीराम कथा का आयोजन होगा। उन्होंने संभावना जताई कि कथा के अंतिम दिन दिव्य दरबार भी लगाया जा सकता है।
राजपाल ने बताया कि महाराज श्री का झांसी में आयोजित कथा कार्यक्रम 13 दिसंबर को संपन्न होगा। इसके बाद वे सीधे बक्सर पहुंचेंगे। बक्सर में कथा कार्यक्रम संपन्न करने के बाद 17 दिसंबर से उनका वृंदावन में पुनः कथा आयोजन निर्धारित है।
प्रेसवार्ता में डॉ. रामनाथ ओझा, राजकुमार राय उर्फ राजू राय, रंजन राय समेत सीताराम विवाह समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह देखा जा रहा है।
वीडियो देखें :




