OTHERS

बसांव मठ में धूमधाम से मना गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव, भगवान श्रीकृष्ण को चढ़ा 56 भोग

मठाधीश्वर अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने विधि-विधान से किया गोवर्धन और गौ पूजन, भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर के बसांव मठ में शनिवार को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान श्री गोवर्धन एवं गौ माता का पूजन किया गया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा मठ परिसर गुंजायमान हो उठा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

 

पूजनोत्सव का शुभारंभ बसांव मठ के मठाधीश्वर अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज के कर-कमलों से हुआ। महाराज श्री ने पूरे विधि-विधान के साथ गोवर्धनधारी भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। वहीं गौ माता का भी आकर्षक एवं पारंपरिक तरीके से पूजन किया गया। महाराज श्री ने स्वयं अपने हाथों से गौ माता की पूजा कर श्रद्धालुओं को गोसेवा और गौ संरक्षण का संदेश दिया।

 

इस धार्मिक आयोजन में राजपुर के पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, लक्ष्मीनारायण मंदिर के महंत राजगोपालाचार्य त्यागी जी महाराज, डॉ. रामनाथ ओझा, भोला बाबा, अधिवक्ता सूबेदार पांडेय, रोहतास गोयल, बबली दुबे एवं डॉ. श्रवण तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया तथा भगवान से सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के अंत में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button