राजपुर में बिजली तार चोरी का खुलासा: पिकअप और बाइक से भाग रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 12 पोल तार बरामद
धनसोई के मानिकपुर कथराई स्थित निर्माणाधीन पावर सब स्टेशन से काटकर ले जाए जा रहे थे बिजली के तार; कटर, पिकअप और बाइक जब्त, पूछताछ में कई अन्य लोगों के शामिल होने का खुलासा—20 दिनों में करीब 60 लाख की बिजली सामग्री चोरी का दावा


न्यूज़ विजन | बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिजली तार चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 12 पोल बिजली के तार, एक पिकअप वाहन, एक बाइक और तार काटने वाला कटर बरामद किया है। बरामद बिजली तार की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में विशेष गहन जांच एवं गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग धनसोई थाना क्षेत्र के मानिकपुर कथराई में निर्माणाधीन विद्युत पावर सब स्टेशन के तहत लगाए गए बिजली के तारों को काटकर वाहन से लेकर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सघन जांच शुरू कर दी। इसी क्रम में पुलिस टीम जब बसही नयका रोड के समीप पहुंची तो एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पिकअप के आगे एक बाइक भी चल रही थी। पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों पर सवार लोग भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस टीम ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया।
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बिजली के तार लदे मिले। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि इन तारों को काटकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए तारों को किसी ठेकेदार के माध्यम से दूसरे स्थान पर भेजा जाना था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के शिवन गांव निवासी चंदन मुसहर, पिता सुरेश मुसहर, तथा रामपुर कुंवर टोला गांव निवासी महेंद्र कुमार, पिता भिखारी चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस चोरी की घटना में कई अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी दी है। गिरफ्तार आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
20 दिनों में 10 चोरी, करीब 60 लाख की संपत्ति का दावा
बिजली तार चोरी की सूचना मिलने के बाद आसपास के कई गांवों के दर्जनों किसान भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, मानिकपुर विद्युत पावर स्टेशन में चल रहे निर्माण कार्य के मैनेजर पंकज पांडेय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से पावर सब स्टेशन का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। लेकिन लगातार चोरी की घटनाओं के कारण काम प्रभावित हो रहा है। उनके अनुसार, पिछले करीब 20 दिनों में बिजली सामग्री की लगभग 10 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है।
कृषि ट्रांसफार्मर चोरी की भी जांच जारी
बताया गया कि दो दिन पूर्व बन्नी पंचायत के डीहरियां गांव के बधार में लगे कृषि ट्रांसफार्मर की भी चोरी कर ली गई थी। इस मामले की भी पुलिस जांच कर रही है। लगातार सामने आ रही बिजली उपकरणों और तारों की चोरी की घटनाओं से किसानों एवं बिजली परियोजना से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है। राजपुर पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे चोरी गिरोह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद बिजली तार एवं अन्य विद्युत उपकरणों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।





