डेहरिया गांव के बधार में कृषि ट्रांसफॉर्मर चोरी, किसानों में आक्रोश
खेतों में सिंचाई की सुविधा देने वाला ट्रांसफॉर्मर रातोंरात गायब; तांबा और कीमती सामान निकालकर अवशेष खेत में फेंके, पुलिस ने शुरू की जांच


न्यूज़ विज़न। बक्सर
राजपुर प्रखंड के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत भरखरा गांव के उत्तर-पूर्व स्थित डेहरिया गांव के बधार में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक कृषि ट्रांसफॉर्मर चोरी कर लिया। ट्रांसफॉर्मर चोरी की जानकारी बुधवार की सुबह उस समय हुई, जब किसान खेत की ओर टहलने और फसल देखने पहुंचे। ट्रांसफॉर्मर गायब देखकर किसान हैरान रह गए। घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान जुट गए।
जानकारी के अनुसार, खेतों में पर्याप्त पानी होने के कारण फिलहाल किसानों ने मोटर चलाना बंद कर रखा था। मंगलवार की शाम किसान अपने-अपने खेतों को देखकर घर लौट गए थे। इसी दौरान देर रात सन्नाटे का फायदा उठाकर अज्ञात चोर गिरोह ने राधेश्याम पांडेय के खेत के समीप लगे कृषि ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतार लिया। इसके बाद चोरों ने ट्रांसफॉर्मर से तांबा समेत अन्य कीमती सामान निकाल लिया और उसके शेष पार्ट्स को खेत में इधर-उधर फेंक दिया।
हर खेत तक बिजली योजना के तहत लगाया गया था ट्रांसफॉर्मर
किसानों ने बताया कि सरकार की ‘हर खेत तक बिजली’ योजना के तहत उक्त ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था। इससे आसपास के खेतों में समय पर धान की रोपाई और सिंचाई करने में किसानों को काफी सुविधा मिल रही थी। किसानों का कहना है कि फिलहाल खेतों में पानी उपलब्ध होने के कारण मोटर बंद है, लेकिन आने वाले दिनों में खेतों का पानी सूखने पर सिंचाई की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर चोरी हो जाने से किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
पहले भी हो चुकी है बिजली के तारों की चोरी
घटना को लेकर किसानों में काफी आक्रोश है। किसान शंकर पांडेय, पंचदेव पटेल, शीरी कोइरी, सूरज गुप्ता, संतोष पटेल, जय प्रकाश पटेल समेत अन्य ग्रामीणों ने चोरी की घटना पर तीव्र विरोध जताया। किसानों का कहना है कि कुछ महीने पहले भी क्षेत्र में बिजली के खंभों से तार चोरी किए गए थे, लेकिन उन घटनाओं का अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। अब कृषि ट्रांसफॉर्मर चोरी होने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
पुलिस ने शुरू की छानबीन, सीमावर्ती गांवों में सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने चोरों द्वारा ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतारने और उसके कीमती हिस्से निकालने के तरीके की भी जांच की। घटना के बाद धनसोई और राजपुर थाना पुलिस को अलर्ट किया गया है। दोनों थाना क्षेत्रों से जुड़े सीमावर्ती इलाकों और विभिन्न गांवों में संदिग्ध लोगों की पहचान एवं धरपकड़ के लिए सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस संभावित चोर गिरोह और चोरी किए गए ट्रांसफॉर्मर के कीमती हिस्सों को खपाने वाले लोगों की भी तलाश में जुटी है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा चोरी हुए ट्रांसफॉर्मर की जगह नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने की मांग की है, ताकि आने वाले समय में किसानों को सिंचाई के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।





