मकान को चोरों ने बनाया निशाना, सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार
चरित्रवन स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में वारदात, श्राद्ध कार्यक्रम में गया था परिवार; लौटने पर टूटा मिला ताला, पुलिस जांच में जुटी

न्यूज विज़न। बक्सर
नगर थाना क्षेत्र के चरित्रवन स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के श्राद्ध कार्यक्रम में बाहर रहने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वीर कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी पिंकी सिंह अपने पति संतोष सिंह एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ 4 अगस्त को भोजपुर जिले के बड़का गांव में आयोजित एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान उनका मकान पूरी तरह बंद था।बताया जाता है कि 6 अगस्त की शाम जब पूरा परिवार वापस घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्से की जांच करने पर पता चला कि चोर कीमती आभूषण और नकदी लेकर फरार हो चुके हैं।
पीड़िता पिंकी सिंह ने बताया कि चोर घर से दो सोने के लॉकेट, एक सोने की अंगूठी, दो नथुनी, दो जोड़ी चांदी की पायल, पांच चांदी के सिक्के तथा लगभग 15 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना के बाद परिवार के होश उड़ गए।
पीड़िता ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि बंद मकानों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





