CRIME

मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती लापता, परिजनों का आरोप– FIR के 5 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

परिजनों ने मोहल्ले के तीन युवकों पर गलत नीयत से युवती को ले जाने का लगाया आरोप, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल; परिवार ने शीघ्र बरामदगी की मांग की

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के नया बाजार स्थित तत्वा मोहल्ला वार्ड संख्या-8 निवासी दीनानाथ चौधरी ने अपनी 22 वर्षीय बेटी के लापता होने का मामला नगर थाना में दर्ज कराया है। परिजनों का कहना है कि युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसे मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने गलत नीयत से अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।

 

दीनानाथ चौधरी ने दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी प्रियंका कुमारी 22 वर्ष को चंदन कुमार, उसके भाई घुरहू तथा नंदन ने मिलकर गायब किया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 14 जून को नगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन शिकायत दर्ज होने के लगभग पांच दिन बाद भी उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी के अचानक लापता होने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। घर के सभी सदस्य लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द बेटी की बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं।

 

पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब परिजनों ने समय रहते नगर थाना में एफआईआर दर्ज करा दी थी, तो पांच दिन बीत जाने के बाद भी युवती का पता क्यों नहीं चल पाया? क्या पुलिस ने सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की? क्या आरोपितों से प्रभावी पूछताछ की गई? क्या तकनीकी और स्थानीय स्तर पर खोजबीन तेज की गई? हालांकि पुलिस की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में परिजनों के बीच चिंता और बढ़ती जा रही है।

परिजनों की मांग
पीड़ित परिवार ने बक्सर पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर युवती की शीघ्र बरामदगी, मामले की निष्पक्ष जांच तथा शिकायत में नामजद लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। वही किसी व्यक्ति को अगर दिखाई दे तो कृपया 7903451183 पर सूचना दें।

 

नोट: इस खबर में नामजद व्यक्तियों के संबंध में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता द्वारा दर्ज एफआईआर और परिजनों के बयान पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button