CRIME

छत पर खेल रही 7 वर्षीय मासूम हाई टेंशन तार की चपेट में आई, मौके पर मौत; बिजली विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

राजपुर थाना क्षेत्र के मंगरांव गांव की घटना, कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हटाया गया था मकान के ऊपर से गुजर रहा हाई टेंशन तार; आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरांव गांव में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में सात वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घर की छत पर खेल रही बच्ची मकान के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए निजी क्लिनिक लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मृत बच्ची की पहचान मंगरांव गांव निवासी अजीत साह की 7 वर्षीय पुत्री कृति कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

 

खेलते-खेलते पहुंची छत पर, हाई टेंशन तार बना काल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को परिवार के सदस्य अपने-अपने घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान कृति खेलते-खेलते घर की छत पर चली गई। मकान के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली के तार के संपर्क में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे इलाज के लिए नजदीकी निजी क्लिनिक लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ईसापुर-खीरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि मकान के ठीक ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार को हटाने अथवा सुरक्षा के लिए उस पर इंसुलेटेड कवर (प्लास्टिक पाइप) लगाने की मांग कई बार विभाग से की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में विभाग को कई बार लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग कार्रवाई करता, तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती।

पहले भी हो चुके थे हादसे
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी घर के सदस्य कई बार इसी हाई टेंशन तार की वजह से बिजली के झटके की चपेट में आ चुके थे। लगातार शिकायतों और चेतावनियों के बावजूद विभाग की उदासीनता बनी रही, जिसका खामियाजा आज पूरे परिवार को भुगतना पड़ा।

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार एवं एसआई सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कार्रवाई और तार हटाने की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, जर्जर एवं खतरनाक बिजली तार को तत्काल बदलने तथा मकान के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार को हटाने की मांग करते हुए लिखित आवेदन सौंपा। अधिकारियों द्वारा जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर कार्रवाई की गई होती, तो सात वर्षीय मासूम कृति कुमारी आज जीवित होती।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button