CRIME

साधु का वेश, मीठी बातों का जाल और सोने के गहनों पर हाथ! छह संदिग्ध पुलिस हिरासत में

छोटकी सरिमपुर में महिला को झांसे में लेकर गहने ठगने का आरोप, स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंपा; पूछताछ में सामने आए साथियों के नाम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर थाना क्षेत्र में साधु का वेश धारण कर महिलाओं को झांसे में लेकर सोने के गहने ठगने का मामला सामने आया है। छोटकी सरिमपुर मोहल्ले में मंगलवार की शाम हुई घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया। इसके बाद नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके बताए गए अन्य साथियों समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम छोटकी सरिमपुर मोहल्ले में साधु के वेश में एक व्यक्ति पहुंचा। आरोप है कि उसने एक महिला को बातचीत में उलझाकर अपने विश्वास में लिया और इसी दौरान उसके सोने के गहने ले लिए। इसके बाद वह वहां से निकलने लगा। कुछ देर बाद महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जब हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ शुरू की तो उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में ले लिया।

 

पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान रामकरण (45 वर्ष), लल्लन (32 वर्ष), सुनील (25 वर्ष), राजकुमार (32 वर्ष), कपिल (24 वर्ष) और जितेंद्र (22 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी के उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में प्रत्येक व्यक्ति की क्या भूमिका थी और क्या ये लोग पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह के काम करने के तरीके और अन्य संभावित घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अनजान लोगों से रहें सावधान

इस तरह की घटनाओं को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे या झांसे में आकर अपने सोने के गहने अथवा अन्य कीमती सामान किसी को नहीं सौंपना चाहिए। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button