भोजपुरी सितारों की चमक के बीच किला मैदान में लॉन्च हुई हीरो की नई ग्लैमर एक्स एबीएस, हजारों दर्शकों ने उठाया रंगारंग कार्यक्रम का लुत्फ
अरविंद अकेला कल्लू और डिम्पल सिंह की प्रस्तुतियों पर झूमे बक्सरवासी, माखनभोग हीरो ने आधुनिक फीचर्स से लैस बाइक को भव्य समारोह में किया पेश

न्यूज विज़न। बक्सर
भोजपुरी सितारों की रंगारंग प्रस्तुतियां, हजारों दर्शकों की उमड़ी भीड़ और नई बाइक की भव्य लॉन्चिंग। मंगलवार को शहर का ऐतिहासिक किला मैदान मनोरंजन, उत्साह और रोमांच के अनूठे संगम का गवाह बना। मौका था माखनभोग हीरो की ओर से हीरो मोटोकॉर्प की नई बाइक ग्लैमर एक्स एबीएस (Glamour X ABS) की ग्रैंड लॉन्चिंग का। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता अरविंद अकेला कल्लू, अभिनेत्री डिम्पल सिंह समेत अन्य कलाकारों की मौजूदगी ने इस आयोजन को खास बना दिया। अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने के लिए किला मैदान में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पूर्व सदर विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, नगर परिषद की मुख्य पार्षद कमरुन निशा, सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय एवं माखनभोग हीरो के संचालक सुमित पाहवा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ और पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
गणेश वंदना से हुआ आगाज, भोजपुरी गीतों पर झूमे दर्शक
समारोह की शुरुआत कलाकारों ने गणेश वंदना एवं माता लक्ष्मी की वंदना के साथ की। भक्तिमय प्रस्तुतियों के बाद मंच पर भोजपुरी संगीत और मनोरंजन का रंग चढ़ने लगा। अरविंद अकेला कल्लू, डिम्पल सिंह और अन्य कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कलाकारों के लोकप्रिय गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान पूरा किला मैदान दर्शकों की तालियों और उत्साहपूर्ण शोर से गूंजता रहा।
आधुनिक तकनीक और एबीएस फीचर के साथ पेश हुई नई ग्लैमर एक्स
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हीरो मोटोकॉर्प की नई ग्लैमर एक्स एबीएस बाइक की भव्य लॉन्चिंग की गई। इस दौरान बाइक के आकर्षक लुक, आधुनिक तकनीक और एबीएस ब्रेकिंग सिस्टम सहित इसकी खूबियों की जानकारी दी गई। नई तकनीक से लैस इस बाइक को देखने के लिए बाइक प्रेमियों में विशेष उत्सुकता रही। वहीं, माखनभोग हीरो की ओर से बाइक की खरीद पर ग्राहकों के लिए आकर्षक ऑफर्स भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता : सुमित पाहवा
इस अवसर पर माखनभोग हीरो के संचालक सुमित पाहवा ने आयोजन में शामिल अतिथियों, कलाकारों और बड़ी संख्या में पहुंचे बक्सरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को आधुनिक तकनीक, बेहतर सुविधाओं और भरोसेमंद दोपहिया वाहन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नई ग्लैमर एक्स एबीएस को भव्य समारोह के माध्यम से ग्राहकों के बीच प्रस्तुत किया गया।




