CRIME

खेत में मिला 60 वर्षीय अधेड़ का शव, इलाके में सनसनी; हत्या की आशंका से उठे सवाल

मंगलवार को घर से निकले थे सीताराम ठाकुर, गुरुवार सुबह मनिया गांव के खेत में मिला शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के धनसोई थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मनिया गांव के एक खेत से 60 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान छतुपुर गांव निवासी सीताराम ठाकुर के रूप में हुई है। खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

 

जानकारी के अनुसार, सीताराम ठाकुर मंगलवार, 11 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे अपने घर से निकले थे। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। परिवार के लोगों ने आसपास के गांवों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी उनके बारे में जानकारी ली, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी बीच गुरुवार की सुबह मनिया गांव के कुछ किसान खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने एक खेत में सीताराम ठाकुर का शव पड़ा देखा। शव मिलने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया और इसकी सूचना तत्काल मृतक के परिजनों को दी गई।

 

घटना की सूचना मिलने पर धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, सीताराम ठाकुर मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जाते थे। ग्रामीणों ने शव मिलने की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका भी जताई है। हालांकि, मृतक का किसी व्यक्ति के साथ विवाद होने की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में खेत में उनका शव किन परिस्थितियों में पहुंचा और उनकी मौत कैसे हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है।

धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। रहस्यमयी परिस्थितियों में खेत से शव बरामद होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button