CRIME

40 मीटर ऊंचा मोबाइल टॉवर ही उखाड़ ले गए चोर, जनरेटर समेत पूरा ढांचा गायब

डुमरांव में बंद पड़े टॉवर को दोबारा चालू करने पहुंची कंपनी की टीम रह गई दंग, 15 केवीए डीजल जनरेटर और तकनीकी उपकरण भी चोरी; पुलिस ने शुरू की जांच

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र से चोरी की एक ऐसी हैरतअंगेज घटना सामने आई है, जिसने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है। आमतौर पर चोर नकदी, जेवरात, बाइक या बिजली के तार चोरी करते हैं, लेकिन इस बार अज्ञात चोरों ने करीब 40 मीटर ऊंचा पूरा मोबाइल टॉवर, 15 केवीए क्षमता का डीजल जनरेटर और उससे जुड़े अन्य तकनीकी उपकरण ही उखाड़कर गायब कर दिए। मामला तब सामने आया जब बंद पड़े टॉवर को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया के तहत कंपनी की तकनीकी टीम निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची। स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों ने देखा कि वहां टॉवर और उससे जुड़े सभी प्रमुख उपकरण गायब हैं।

 

 

निरीक्षण में सामने आई करोड़ों की चोरी जैसी वारदात
जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में भूमि एवं संचालन पदाधिकारी के रूप में कार्यरत बैद्यनाथ ओझा ने डुमरांव थाने में दिए आवेदन में बताया है कि कंपनी का मोबाइल टॉवर स्थानीय नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में हरेनाथ यादव की जमीन पर स्थापित था। यह जमीन खाता संख्या 378 एवं प्लॉट संख्या 655 में स्थित है। तकनीकी कारणों से यह टॉवर पिछले कुछ वर्षों से बंद था और कंपनी इसे पुनः चालू करने की तैयारी कर रही थी। इसी क्रम में 2 जून को टीम जब स्थल पर पहुंची तो वहां से लगभग 40 मीटर ऊंचा टॉवर, 15 केवीए डीजल जनरेटर और अन्य सहायक उपकरण पूरी तरह गायब मिले।

 

दो दिनों तक चला होगा ऑपरेशन, फिर भी किसी को नहीं लगी भनक
प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से पूरे टॉवर के ढांचे को काटकर और खोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार इतनी बड़ी संरचना को हटाने में कई घंटे नहीं बल्कि संभवतः दो दिनों तक लगातार काम करना पड़ा होगा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े स्तर पर हुई इस चोरी की भनक आसपास के लोगों या किसी जिम्मेदार व्यक्ति को कैसे नहीं लगी। यही कारण है कि लोग इस घटना को किसी संगठित गिरोह की करतूत मान रहे हैं।

कंपनी ने दर्ज कराई शिकायत, एफआईआर की मांग
कंपनी अधिकारियों ने अपने स्तर पर जांच-पड़ताल करने के बाद चोरी की पुष्टि की। इसके पश्चात आवश्यक दस्तावेजों और विभागीय स्वीकृति के साथ डुमरांव थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जुटी जांच में
डुमरांव थाना पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और संभावित संगठित गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस अनोखी चोरी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग हैरानी जता रहे हैं कि जहां आमतौर पर तार, बैटरी या छोटे उपकरण चोरी होते हैं, वहीं इस बार पूरा मोबाइल टॉवर और जनरेटर ही गायब कर दिया गया। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है और चोरी में शामिल अज्ञात लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button