कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान गंगा में डूबने से तीन की मौत, मृतकों में 12 वर्षीय बच्ची भी शामिल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के पावन अवसर पर बुधवार की सुबह बक्सर जिले में गंगा नदी में स्नान करने के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक नाबालिग बच्ची समेत दो युवक शामिल हैं। सभी की मौत डूबने से हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहली घटना : शहर के यमुना घाट पर नाबालिग की डूबने से मौत
पहली घटना बक्सर नगर थाना क्षेत्र के चरित्रवन स्थित यमुना घाट की है। जानकारी के अनुसार भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव निवासी प्रमोद शर्मा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए यमुना घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक उनकी 12 वर्षीय पुत्री रिशु कुमारी गहरे पानी में चली गई। परिवार के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग बचाने दौड़े, लेकिन तब तक बच्ची डूब चुकी थी। कुछ ही देर बाद उसका शव पास के लक्ष्मीनारायण घाट से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि बच्ची अपने परिवार के साथ कार्तिक स्नान करने आई थी। स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
दूसरी घटना : सिमरी के मठिया घाट पर दो युवक डूबे
दूसरी दर्दनाक घटना सिमरी थाना क्षेत्र के मठिया घाट पर हुई। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के छोटका राजपुर निवासी नीलेश कुमार (24 वर्ष), पिता रामाशंकर यादव, और सिमरी निवासी मुन्ना यादव (23 वर्ष), पिता जगदीश यादव, के रूप में हुई है। दोनों युवक गंगा स्नान करने आए थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम का माहौल हो गया। स्थानीय प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कार्तिक पूर्णिमा जैसे धार्मिक पर्व पर हुए इन हादसों ने श्रद्धालुओं को झकझोर कर रख दिया है। लोग गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्नान के दौरान गहरे पानी में न जाएं और बच्चों पर विशेष ध्यान रखें।





