POLITICS

बक्सर में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम को लेकर बहुजन सेना की चेतावनी, अनिल कुमार बोले- अंधविश्वास फैलाया तो कराया जाएगा कार्यक्रम बंद

भगवान राम की शिक्षास्थली बक्सर में रामकथा का स्वागत, लेकिन दिव्य दरबार और कथित अंधविश्वास पर जताया विरोध; शास्त्री के पुराने बयानों को लेकर न्यायालय जाने की घोषणा, सांसद और सदर विधायक पर भी साधा निशाना

न्यूज विज़न। बक्सर
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बक्सर आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक बयानबाजी तेज हो गई है। कार्यक्रम को लेकर जहां भाजपा नेताओं और स्थानीय विधायक की ओर से तैयारियों को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, वहीं बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने कार्यक्रम के स्वरूप और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सार्वजनिक बयानों पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि बक्सर भगवान राम की शिक्षास्थली है और इस पवित्र धरती को अंधविश्वास का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।

 

मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल कुमार ने कहा कि यदि कोई धर्मगुरु बक्सर में रामकथा करने आता है, तो उसका स्वागत है। वह कथा करें और शांतिपूर्वक लौट जाएं। लेकिन, रामकथा की आड़ में यदि दिव्य दरबार लगाकर पर्चा निकालने, भूत भगाने अथवा भूत खिलाने जैसी गतिविधियों के माध्यम से अंधविश्वास फैलाने का प्रयास किया गया, तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियां होने पर कार्यक्रम को बीच में ही बंद कराने के लिए विरोध किया जाएगा।

 

उन्होंने दिव्य दरबार में पर्चा निकालने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे ‘ठग विद्या’ करार दिया और कहा कि धार्मिक आयोजनों के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वाली गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

धीरेंद्र शास्त्री के पुराने बयानों पर न्यायालय जाने की घोषणा

बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के पूर्व में सार्वजनिक मंचों से दिए गए कथित बयानों का हवाला देते हुए उन पर भगवान राम और सनातन धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के संदर्भ में कथित अभद्र टिप्पणियों और देवताओं की तुलना को लेकर दिए गए बयान धार्मिक मर्यादाओं के विरुद्ध हैं।

अनिल कुमार ने कहा कि एक हिंदू होने के नाते इन कथित बयानों से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी को लेकर उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंचों से धार्मिक विषयों पर बोलने वाले लोगों को अपनी भाषा और अभिव्यक्ति में मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

हनुमान जी से सीधे बात करने के दावे पर उठाए सवाल

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के हनुमान जी से सीधे बात होने संबंधी दावे पर भी अनिल कुमार ने सवाल उठाए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि आज के समय में किसी भी इंसान से फोन के माध्यम से बातचीत संभव है, लेकिन यदि भगवान से सीधे बात करने की क्षमता का दावा किया जाता है, तो उसे सार्वजनिक रूप से साबित किया जाना चाहिए।

उन्होंने पूर्व में सामने आई थप्पड़ मारने की घटना का जिक्र करते हुए दिव्य दरबार में किए जाने वाले दावों और भविष्यवाणियों पर भी सवाल उठाए। अनिल कुमार ने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर किए जाने वाले दावों की तार्किक जांच और जवाबदेही होनी चाहिए।

संविधान के दायरे में विरोध करने की बात

संविधान दिवस के अवसर पर अपनी बात रखते हुए अनिल कुमार ने कहा कि बहुजन सेना संविधान में विश्वास रखने वाली संस्था है और विरोध भी लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि बक्सर में अंधविश्वास फैलाने वाली गतिविधियां आयोजित करने का प्रयास हुआ, तो संगठन पुरजोर विरोध करेगा और धीरेंद्र शास्त्री को बक्सर से वापस लौटने के लिए मजबूर करने की कोशिश करेगा।

सांसद सुधाकर सिंह और विधायक आनंद मिश्र पर भी हमला

प्रेसवार्ता के दौरान अनिल कुमार ने बक्सर सांसद सुधाकर सिंह और बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र पर भी निशाना साधा। उन्होंने इटाढ़ी क्षेत्र के आरओबी के क्षतिग्रस्त होने के मुद्दे को उठाते हुए दोनों जनप्रतिनिधियों पर सवाल खड़े किए।

सांसद सुधाकर सिंह पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने धान चोरी में संलिप्तता का आरोप लगाया और कहा कि जिन लोगों पर इस तरह के आरोप हैं, उनसे विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने सांसद पर कमीशन की चिंता करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र के एक वर्ष के कार्यकाल पर टिप्पणी करते हुए अनिल कुमार ने उनके द्वारा बताई गई सड़कों और विकास कार्यों की जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने जासो रोड की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क की वर्तमान हालत लोगों के सामने है और इस पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

डुमरांव विधायक के फोन रिकॉर्डिंग बयान पर भी टिप्पणी

डुमरांव विधायक राहुल सिंह के थानाध्यक्ष द्वारा फोन रिकॉर्ड किए जाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल कुमार ने कहा कि संभवतः लेनदेन से संबंधित बातचीत होने के कारण उन्हें फोन रिकॉर्डिंग की चिंता हो रही होगी। उन्होंने इस बयान के माध्यम से विधायक पर भी कटाक्ष किया।

प्रेसवार्ता के दौरान सुभाष गौतम, अभिमन्यु कुशवाहन, संजय कुमार मंडल, सुशील कुशवाहा समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button