CRIME

धनसोई के मनिया में नहर किनारे बाइक समेत युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी

मनिया गांव के समीप मिला शव, पास में बिखरा था किराना सामान; एफएसएल टीम जांच में जुटेगी, हादसा समेत कई बिंदुओं पर पुलिस कर रही पड़ताल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिया गांव के समीप शुक्रवार की सुबह नहर में बाइक के साथ एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के दुल्फा गांव निवासी श्रीनिवास कुशवाहा के पुत्र गोल्डन कुमार के रूप में हुई है।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर नहर में बाइक के साथ पड़े युवक के शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही धनसोई थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव के आसपास सरसों तेल, मसाला, प्याज, लहसुन समेत अन्य किराना सामान प्लास्टिक में बिखरा हुआ मिला, जिससे घटनास्थल पर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। युवक का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। बाइक और किराना सामान के नहर में मिलने के साथ युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

धनसोई प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की जा रही है। एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचने वाली है। फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस हादसा समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक की मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button