CRIME

वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 864 लीटर विदेशी शराब बरामद

मद्य निषेध विभाग की वाहन जांच में 10 पेटी शराब जब्त, करीब 10.50 लाख रुपये की बताई गई कीमत; यूपी के चालक को किया गया गिरफ्तार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
मद्य निषेध विभाग बक्सर की टीम ने रविवार की देर रात शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। नियमित वाहन जांच के दौरान टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में गुजर रहे बोलेरो मैक्स पिकअप को रोककर विधिवत जांच एवं तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 8 PM स्पेशल टेट्रा पैक व्हिस्की बरामद हुई।

 

उत्पाद विभाग कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन से 180 एमएल क्षमता वाले 8 PM स्पेशल टेट्रा पैक व्हिस्की की कुल 10 पेटियां बरामद की गईं। प्रत्येक पेटी में 48 पीस शराब के पैक बताए गए हैं। विभाग के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 8,64,000 एमएल यानी 864 लीटर है। बरामद विदेशी शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। जांच के दौरान शराब के पैकेट पर “FOR SALE ONLY ON UP” अंकित पाया गया। इससे शराब के उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए होने की जानकारी सामने आई है। मद्य निषेध विभाग की टीम ने मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार चालक की पहचान श्रवण कुमार, पिता राजेश राम, निवासी मिठनापुर, नवादा, थाना गरवार, जिला उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। विभाग ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। मद्य निषेध विभाग की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल विभाग द्वारा गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

नोट: मद्य निषेध विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर यह खबर प्रकाशित की गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button