OTHERS

वामन ग्लोबल फाउंडेशन के तत्वावधान में वामन द्वादशी पर निकली भव्य रथ यात्रा, जयघोष से गूंजा शहर

किला मैदान से भगवान वामन मंदिर तक निकली रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 21 घोड़े, पांच ऊंट और धार्मिक-सांस्कृतिक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
वामन द्वादशी के अवसर पर बुधवार को वामन ग्लोबल फाउंडेशन के तत्वावधान में भगवान वामन की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह आठ बजे किला मैदान स्थित रामलीला मंच से हुआ। भगवान वामन के जयघोष के बीच निकली रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और शहर भगवान वामन के जयकारों से गूंजता रहा।

 

रथ यात्रा किला मैदान स्थित रामलीला मंच से प्रारंभ होकर पुलिस चौकी, रामरेखा घाट, पीपी रोड, मुनीम चौक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार मोड़, सब्जी मंडी मेन रोड, आदर्श नगर थाना, कॉलेज गेट मोड़ और जेल मोड़ होते हुए भगवान वामन मंदिर परिसर पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन हुआ।

 

झांकियां और घोड़े-ऊंट रहे आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में भगवान वामन के स्वरूप की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ बाल बटुक, 21 घोड़े और पांच ऊंट भी शामिल रहे। बनारस और वृंदावन से आए बाल बटुकों के साथ साधु-संतों ने भी शोभायात्रा में हिस्सा लिया। विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक नृत्य, हुड़का, पखावज, ढोल-ताशा और बैंड-बाजे की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भव्य बना दिया। रास्ते में श्रद्धालुओं ने भगवान वामन के दर्शन किए और शोभायात्रा का स्वागत किया।

कई दिनों से चल रही थी तैयारी
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय ने बताया कि वामन द्वादशी को लेकर रथ यात्रा की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थीं। आयोजन को लेकर लोगों में काफी उत्साह था। शोभायात्रा को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। उन्होंने बताया कि वामन द्वादशी के अवसर पर बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को वामन ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से भगवान वामन मंदिर को और भव्य एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से पांच एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मांग पत्र भी सौंपा गया है।

आयोजन में समिति के सदस्यों की रही सक्रिय भूमिका
रथ यात्रा को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय (कल्लू राय), सदर विधायक आनंद मिश्रा, सिकंदर सिंह, संरक्षक प्रेम मिश्रा उर्फ भाई जी, दीपक सिंह, प्रेम प्रकाश तिवारी, प्रिंस राय, तूफानी यादव, वार्ड पार्षद दीपक सिंह समेत समिति के कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही और वामन द्वादशी की धार्मिक आस्था के साथ शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button