चुरामनपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जीविका भवन का किया उद्घाटन, 92 करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
जीविका भवन में महिलाओं से की बातचीत, सिलाई केंद्र में काम और आमदनी की ली जानकारी; अस्पतालों में अनावश्यक रेफर पर रोक लगाने का दिया निर्देश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
वामन द्वादशी के अवसर पर बक्सर पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। वामन मंदिर में पूजा-अर्चना और ज्योति प्रकाश चौक के समीप सोन कैनाल के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने फीता काटकर जीविका भवन का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने जीविका भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने सिलाई केंद्र में कार्यरत महिलाओं से बातचीत कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों, प्रशिक्षण और आमदनी की जानकारी ली। महिलाओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वरोजगार और जीविका समूहों के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने से जुड़ी गतिविधियों का भी जायजा लिया।
करीब 92 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
चुरामनपुर कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने करीब 92 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्र में संचालित और प्रस्तावित विकास योजनाओं से संबंधित जानकारी भी अधिकारियों से ली गई। मुख्यमंत्री ने पंचायत सरकार भवन परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इनमें जीविका समूह, सहयोग शिविर, विद्यार्थी सहयोग शिविर, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल शामिल रहे।
लाभुकों को सौंपे सांकेतिक चेक और आयुष्मान कार्ड
स्टॉल निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को लाभ प्रदान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना से संबंधित सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना से संबंधित सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
सामान्य मरीजों को अनावश्यक रेफर नहीं करने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामान्य रोगियों को अनावश्यक रूप से जिला एवं अनुमंडल अस्पतालों से बड़े अस्पतालों में रेफर नहीं किया जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिला एवं अनुमंडल अस्पतालों में ही मरीजों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
प्रमुख फसल को ब्रांड के रूप में विकसित करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बक्सर जिले की प्रमुख कृषि उपज को बाजार से जोड़ने और उसकी पहचान मजबूत करने की दिशा में कार्य करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले की प्रमुख फसल को ब्रांड के रूप में विकसित करने की दिशा में सभी विभाग और संबंधित लोग मिलकर काम करें। इससे स्थानीय किसानों और उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम, विधायक आनंद मिश्रा, संतोष निराला, राहुल सिंह सहित जिलाधिकारी साहिला एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





