जमौली में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी समेत हजारों के गहने चोरी
वार्ड सदस्य के घर देर रात धावा, कब्रिस्तान ले जाकर तोड़ा बक्सा; महत्वपूर्ण कागजात भी किए क्षतिग्रस्त, गांव में दहशत


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया पंचायत अंतर्गत जमौली गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोरों ने पंचायत के वार्ड संख्या सात की सदस्य कलावती देवी के सूने घर को निशाना बनाते हुए 18 हजार रुपये नकद और हजारों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सूने घर का उठाया फायदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड सदस्य कलावती देवी किसी आवश्यक कार्य से बक्सर गई हुई थीं। वहीं उनके पति धनु कुमार भी एक रिश्तेदार के घर गए थे। घर के अन्य सदस्य रात में छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान माहौल का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया।
टूटे मिट्टी के मकान से छत पर पहुंचे चोर
बताया जाता है कि चोरों ने घर के बगल में स्थित एक जर्जर मिट्टी के मकान का सहारा लिया और उसकी मदद से छत पर चढ़कर घर के अंदर प्रवेश कर गए। घर में घुसने के बाद उन्होंने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए तथा उसमें रखे 18 हजार रुपये नकद और कीमती आभूषण चोरी कर लिए।
नहीं खुला ताला तो कब्रिस्तान ले गए बक्सा
एक बक्से का ताला मौके पर नहीं खुलने पर चोर उसे उठाकर पास स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान तक ले गए। वहां ताला तोड़कर उन्होंने उसमें रखे सामान की तलाशी ली। हालांकि बक्से में मौजूद महत्वपूर्ण कागजात इधर-उधर बिखेर दिए गए और कई दस्तावेज क्षतिग्रस्त हो गए।
सुबह खुला चोरी का राज
शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए तो मुख्य दरवाजा खुला देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इसी बीच ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के पास टूटा हुआ बक्सा और बिखरे हुए कागजात देखे, जिसके बाद पूरे गांव में चोरी की खबर तेजी से फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड सदस्य के पति धनु कुमार ने राजपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय बाद इस तरह की बड़ी चोरी की घटना हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरों की जल्द गिरफ्तारी करने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ चोरी की वारदात से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं।





