बाल दिवस की पूर्व संध्या पर बिहार सेंट्रल स्कूल में बाल-क्रीड़ा एवं बाल संवाद कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
दौड़, लंबी कूद, स्पून रेस और म्यूजिकल चेयर में बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा, विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित; निःशुल्क प्रतियोगी पुस्तकों का भी हुआ वितरण

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को बाल दिवस की पूर्व संध्या पर बाल-क्रीड़ा एवं बाल संवाद कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों के उत्साहवर्धन और बाल दिवस के महत्व पर चर्चा के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिवस हमें कुछ नया सीखने, प्रेरणा प्राप्त करने और उसके महत्व को समझने का अवसर देता है। बाल दिवस हमें देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व, विचारों और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह एवं जुड़ाव की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके लिए स्वच्छ वर्तमान और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। बच्चों को शिक्षा के साथ खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए दौड़, लंबी कूद, स्पून रेस और म्यूजिकल चेयर सहित कई मनोरंजक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। बच्चों ने अपनी शारीरिक क्षमता, एकाग्रता और खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिताओं को रोचक बना दिया। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में जूनियर वर्ग में नर्सरी के शिवांश और मुस्कान ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं सीनियर वर्ग में आनंद, सलोनी और अमृता ने अपने-अपने वर्गों में बेहतर प्रदर्शन किया। नौवीं कक्षा की प्रतियोगिता में सोनाली भारद्वाज, अर्पित सिंह, अनमोल और राजनंदिनी ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई।
आयोजन के अंतिम चरण में विद्यार्थियों के बीच निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का वितरण किया गया, ताकि उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जागरूकता बढ़ाई जा सके। इसके साथ ही वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों को लेकर बाल संवाद आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों ने खुलकर अपने अनुभव, विचार और सुझाव साझा किए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, रचनात्मकता, सामाजिक समझ और आत्मविश्वास को विकसित करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।
वीडियो देखें :




