छठ व्रतियों की सेवा में आगे आए युवा पत्रकार पंकज पांडेय, सैकड़ों महिलाओं के बीच साड़ी, सुपला और नारियल का किया वितरण
नया चौक स्थित श्री चंद्र मंदिर परिसर में आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम, सहयोगियों के साथ मिलकर व्रती माताओं एवं बहनों को भेंट की पूजा सामग्री

न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर बक्सर के युवा पत्रकार पंकज पांडेय ने सामाजिक सरोकार और सेवा भावना की मिसाल पेश की। शुक्रवार को उन्होंने छठ व्रती महिलाओं के बीच साड़ी, सुपला और नारियल का वितरण कर पर्व की खुशियों को साझा किया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने न केवल जरूरतमंद व्रती महिलाओं की सहायता की, बल्कि समाज में सहयोग, समर्पण और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया।
शहर के नया चौक स्थित श्री चंद्र मंदिर परिसर में शुक्रवार दोपहर 12 बजे इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां सैकड़ों की संख्या में पहुंचीं छठ व्रती महिलाओं को पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ छठ पूजा की आवश्यक सामग्री एवं साड़ी भेंट की गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद महिलाओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। व्रती माताओं एवं बहनों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए पंकज पांडेय और उनके सहयोगियों को सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
इस सेवा कार्यक्रम में पंकज पांडेय के सहयोगी अजय मानसिंघका, रितेश वर्मा, सुजीत सिंह, प्रिंस कुमार और रेहान ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। सभी सहयोगियों ने मिलकर व्यवस्थित तरीके से महिलाओं के बीच पूजा सामग्री और साड़ी का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर युवा पत्रकार पंकज पांडेय ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, त्याग, अनुशासन और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। इस पावन अवसर पर व्रती माताओं एवं बहनों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सहयोग, सेवा और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व पर जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।




