OTHERS

वरीय अधिवक्ता शिवपूजन लाल के निधन से बार संघ को अपूरणीय क्षति, अधिवक्ता समाज में शोक की लहर

बार संघ के महासचिव पप्पू पांडेय ने कहा- अनुभवी मार्गदर्शक और अभिभावक को खो दिया; वरीय अधिवक्ता रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने बताया मुश्किल वक्त का भरोसा, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में योगदान को किया याद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरीय अधिवक्ता शिवपूजन लाल के निधन से जिले के अधिवक्ता समाज सहित प्रबुद्ध वर्ग में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को न्यायिक, सामाजिक और बौद्धिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए अधिवक्ताओं और समाज के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। वे अपने अनुभव, सरल स्वभाव, सामाजिक प्रतिबद्धता और मार्गदर्शक व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे।

 

उनके निधन पर जिला बार संघ के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शिवपूजन लाल के निधन से बार संघ को बड़ी क्षति हुई है। वे एक अनुभवी अधिवक्ता होने के साथ-साथ अधिवक्ता समाज के लिए अभिभावक स्वरूप थे। उनका अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के अधिवक्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहा। उन्होंने कहा कि शिवपूजन लाल जैसे वरिष्ठ और अनुभवी व्यक्तित्व का जाना अधिवक्ता समाज के लिए ऐसी कमी है, जिसकी भरपाई आसान नहीं है।

 

वहीं, वरीय अधिवक्ता रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. शिवपूजन लाल बक्सर के लिए केवल एक नाम नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त का भरोसा थे। एक सफल अधिवक्ता होने के साथ-साथ वे ‘बक्सर टुडे’ के संरक्षक भी थे। उन्हें एक प्रबुद्ध बुद्धिजीवी और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में सदैव याद किया जाएगा।

श्री वर्मा ने कहा कि स्व. लाल ने संघर्ष से सिद्धि तक की यात्रा तय करते हुए न्यायिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। उन्होंने जीवनभर भोजपुरी माटी की संस्कृति और संस्कारों से अपना जुड़ाव बनाए रखा तथा अपने आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं किया। सेवा भावना उनके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा थी। उन्होंने युवाओं को स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया और निर्धन एवं मेधावी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सामाजिक और धार्मिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही। बक्सर स्थित चित्रगुप्त मंदिर सहित अन्य पूजा स्थलों की स्थापना और जीर्णोद्धार में उन्होंने निस्वार्थ भाव से योगदान दिया। सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि उनके कार्यों की छाप प्रबुद्धजनों के बीच हमेशा जीवित रहेगी। उनके निधन से बक्सर ने एक अनुभवी अधिवक्ता और समर्पित समाजसेवी को खो दिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button