जन सुराज की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
शाहाबाद प्रभारी रविन्द्र द्विवेदी बोले – मजबूत संगठन ही बदलाव की ताकत, कार्यकर्ताओं में भरा नया उत्साह


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को जन सुराज पार्टी कार्यालय में संगठन की मजबूती एवं विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री रघुबर सिंह द्वारा किया गया।
बैठक के मुख्य वक्ता शाहाबाद प्रभारी रविन्द्र कुमार द्विवेदी रहे। उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका तथा युवाओं की भागीदारी को लेकर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं और युवाओं की ऊर्जा से ही बदलाव की नई दिशा तय होती है। उनके प्रेरणादायक संबोधन से उपस्थित युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर लोगों के बीच जाना होगा। साथ ही युवाओं को संगठन में अधिक जिम्मेदारी देने की बात भी कही। बैठक को संबोधित करते हुए राज्य सलाहकार समिति सदस्य एवं पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक ने संगठनात्मक अनुशासन, सामूहिक कार्यशैली तथा आपसी समन्वय को मजबूत संगठन की पहचान बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से धन जी पाण्डेय, योगेंद्र यादव, हसन खान, धनंजय पासवान, शंभु नाथ यादव, युवा अध्यक्ष अजित सम्राट, आशा देवी, रिंकी उपाध्याय, विजय कुमार पाठक, फैयाज खान, विष्णु देव तिवारी, मनोज उपाध्याय, दीपक राय, संजय सिंह, डॉ जयशंकर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।





