CRIME

दिनदहाड़े लूटपाट की कोशिश: युवक पर हमला कर मोबाइल छीना, विरोध में ग्रामीणों ने एक आरोपी का फोन बरामद किया

मुरार थाना क्षेत्र के बाम पुल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी—एक आरोपी की पहचान, रोहतास जिले से जुड़ा मामला

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बाइक सवार तीन युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर लूटपाट करने की कोशिश की। यह घटना कोरानसराय–आमसारी नहर मार्ग स्थित बाम पुल के पास करीब दो बजे दिन की बताई जा रही है।

 

घटना में आमसारी गांव निवासी गोलू कुमार, पिता मुना कानू, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। पीड़ित गोलू कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपनी बुआ के घर मुरार आए हुए थे और वहां से बाइक द्वारा अपने गांव आमसारी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने अपनी बाइक खड़ी कर दी। आरोप है कि इनमें से दो युवक तुरंत बाइक से उतरकर उनके साथ मारपीट करने लगे और सिर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

 

हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और बाइक लूटने का भी प्रयास किया। इसी दौरान गोलू कुमार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे बदमाश घबरा गए और भागने लगे। भागने के क्रम में एक आरोपी का मोबाइल फोन घटनास्थल पर गिर गया, जिसे ग्रामीणों ने बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। यह मोबाइल पुलिस जांच में अहम सबूत माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला छिनैती का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना में तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें एक आरोपी की पहचान कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी रोहतास जिले से जुड़े बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने का दावा किया गया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button